रांची: बुढ़मू पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया हत्या कांड, चार अपराधी हथियारों सहित गिरफ्तार
रांची : बुढ़मू थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार, गोली और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना 30 दिसंबर 2025 की है, जब पतरातु थाना क्षेत्र के हफुवा गांव निवासी मोहम्मद एकराम ने बुढ़मू थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके भतीजे पियूस उर्फ इबरार अंसारी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी और शव को सरईदाह करमबोहा नदी पर बने रेलवे पुल के पास रेलवे ट्रैक के निकट फेंक दिया। इस आधार पर बुढ़मू थाना कांड संख्या 82/25 दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103/238 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 शामिल है।
कांड की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की देखरेख में खलारी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मानव सूचना के आधार पर जांच करने वाली टीम को 02 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि अपराधी छापर बरवाटोली गांव में छिपे हैं। छापेमारी में समीर अंसारी और साहिल टुडू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया।
समीर अंसारी ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसने मृतक पियूस उर्फ इबरार अंसारी से ढाई लाख रुपये उधार लिए थे। मृतक बार-बार रुपये मांग रहा था और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश में साहिल टुडू और राम मुर्मू के साथ मिलकर उसने गोली मारकर हत्या की और शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि हथियार हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के पचंडा गांव निवासी नरेश मरांडी के घर छिपाकर रखे गए हैं।
टीम ने राम मुर्मू को भी गिरफ्तार किया और नरेश मरांडी के घर से आरोपियों की निशानदेही पर एक मैगजीन युक्त देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, नौ जिंदा गोलियां बरामद कीं। नरेश मरांडी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01BN-3743) भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर अंसारी, साहिल टुडू, राम मुर्मू और नरेश मरांडी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक मैगजीन युक्त देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 7.56 बोर के 05 जिंदा कारतूस, 315 बोर के 04 जिंदा कारतूस, 05 मोबाइल फोन और एक अपाची मोटरसाइकिल (रजि. नं. JH-01BN-3743) बरामद किया गया है।
इस सफलता के लिए टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों की सराहना की जा रही है। टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक राम नारायण चौधरी (खलारी) ने किया, जिसमें पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश राणा, संजीव कुमार, प्रभाष कुमार रवानी, रण विजय सिंह, अमृत मेहता तथा थाने की सशस्त्र पुलिस बल शामिल रहे।

















