गोड्डा में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2.78 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार

गोड्डा: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 20 पुड़िया में पैक कुल 2.78 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम खटनई और प्रतापपुर हटिया से आमड़ाकामत जाने वाली सड़क पर बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग ब्राउन शुगर के सेवन और खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी टीम ने खटनई शिव मंदिर और प्रतापपुर हटिया के आसपास कार्रवाई की। इस दौरान प्रतापपुर हटिया के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यजीत पासवान (19 वर्ष), गौरव कुमार (22 वर्ष) और बालमुकुंद साह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों खटनई गांव के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 20 पुड़िया में पैक 2.78 ग्राम ब्राउन शुगर, एक पैकेट सिगरेट और एक माचिस बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में गोड्डा (मुफस्सिल) मोतिया ओपी कांड संख्या-78/26 दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और इसके सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।















