सरायकेला: कपाली में जमीन कारोबारी पर जानलेवा हमला, रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने चलाई गोलियां
सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वार्ड संख्या-5 में रंगदारी की मांग को लेकर एक जमीन कारोबारी पर सरेआम फायरिंग की गई है। इस हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
निर्माण कार्य के दौरान पहुंचे अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, घायल कारोबारी अफसर नवाज, जो जाकिरनगर रोड नंबर-20 के निवासी हैं, का कपाली वार्ड नंबर-5 में प्लॉट है। वहां निर्माण कार्य चल रहा था, तभी तीन की संख्या में पैदल अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने मौके पर पहुंचकर रंगदारी की मांग शुरू कर दी। जब अफसर नवाज ने इसका कड़ा विरोध किया, तो अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी।
सिर और पैर में लगी गोली
फायरिंग के दौरान एक गोली अफसर नवाज के पैर में लगी, जो आर-पार निकल गई। वहीं, एक अन्य गोली उनके सिर को छूते हुए निकल गई। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से पैदल ही फरार हो गए।
घटनास्थल से खोखा बरामद
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
इसे भी पढ़े :
गोड्डा में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2.78 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार
















