रंगदारी नहीं देने पर ठेले में लगाई आग, 80 हजार का नुकसान; एक आरोपी गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और ठेले में आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, पहाड़ी मंदिर परिसर निवासी उगेश केशरी (35 वर्ष) ने 1 जून 2026 को सुखदेवनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में उन्होंने बताया कि 25 मई 2026 को सुशांत यादव और विक्की यादव उनके चूड़ी ठेला के पास पहुंचे और 2 से 3 हजार रुपये की रंगदारी की मांग करने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार को उठा लेने और जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक, 27 मई की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच पहाड़ी मंदिर के पास खड़े ठेले में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस घटना में ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पीड़ित को लगभग 80 से 85 हजार रुपये का नुकसान हुआ। वादी ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दावा किया कि ठेले में आग लगाने वाले युवक सुशांत यादव और विक्की यादव ही थे। फुटेज के आधार पर सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या-197/26 दर्ज किया गया।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुशांत यादव (पिता- उमेश यादव), निवासी पहाड़ी मंदिर के पास, सुखदेवनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 2 जून 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले के दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की जांच में जुटी हुई है।
















