विश्व पर्यावरण दिवस पर डालसा ने निकाली जागरूकता रैली, न्यायालय परिसर में हुआ पौधरोपण

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान व्यवहार न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, पारा लीगल वॉलेंटियर्स और न्यायालय कर्मियों ने भाग लिया।
रैली न्यायालय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता और पौधरोपण के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया गया। साथ ही बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के प्रति भी सचेत किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और उन्हें निभाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय असंतुलन आज पूरी मानवता के लिए चिंता का विषय बन चुका है। लगातार बढ़ते प्रदूषण, जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से पृथ्वी का पारिस्थितिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि आज पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, भू-क्षरण रोकने और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रधान जिला जज ने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रैली के उपरांत न्यायालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
डालसा की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पारा लीगल वॉलेंटियर्स ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एडीजे नरंजन सिंह, सीजेएम निताशा बारला, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम, एसडीजेएम सुम्मी बीना होरो सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, पारा विधिक स्वयंसेवक एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित थे।

















