झारखंड को हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे, राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं : नितिन नवीन

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड को भाजपा ने बनाया है और अब इसे अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाने का काम भी भाजपा ही करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की विरासत, संस्कृति और पहचान को सुरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची के डिबडीह स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में आयोजित ‘प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम : विकसित भारत @2047’ को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड की पावन धरती से उनका भावनात्मक रिश्ता रहा है। उन्होंने मां छिन्नमस्तिका और बाबा वैद्यनाथ धाम का उल्लेख करते हुए राज्य की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत की सराहना की।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
किसानों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देश तभी खुशहाल होगा जब किसान समृद्ध होंगे। केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ऑर्गेनिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हर जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “अच्छे दिन” का जो वादा किया था, उसे धरातल पर उतारने का काम किया गया है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ बिना बिचौलियों के सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
युवाओं को रोजगार देने वाला बनाना लक्ष्य
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और यहां दो लाख से अधिक स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं। 125 से अधिक यूनिकॉर्न कंपनियां देश में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) क्षेत्र की बड़ी कंपनियां भारत को अपना केंद्र बनाना चाहती हैं और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत विश्व में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
महिलाओं को देश और समाज की ताकत बताते हुए नितिन नवीन ने कहा कि एक महिला के आगे बढ़ने से दो परिवार आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण और महिला आरक्षण के संकल्प का उल्लेख किया।
डिजिटल इंडिया का मजाक उड़ाने वालों को जनता ने जवाब दिया
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान का विपक्ष ने मजाक उड़ाया था, लेकिन आज डिजिटल भुगतान और डीबीटी ने देश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि जब-जब विपक्ष ने भाजपा का मजाक बनाया, जनता ने भाजपा को और अधिक समर्थन दिया।
रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा में बड़े बदलाव
नितिन नवीन ने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण, डबल लाइन, विद्युतीकरण और नई ट्रेनों के संचालन से यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। इसके अलावा कई नए एम्स, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी और एकलव्य विद्यालय स्थापित किए गए हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करती। उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है और नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में भी उल्लेखनीय सफलता मिली है।
सकारात्मक राजनीति करेगा देश का युवा
उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति की ओर ले जाना चाहते हैं, लेकिन भारत का युवा नवाचार, सृजन और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए देश का युवा सकारात्मक राजनीति करेगा।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण मोदी सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी और सामूहिक प्रयासों से ही यह सपना साकार होगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि 2014 के बाद देश में विकास की नई धारा शुरू हुई है और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी नागरिकों से सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, डॉ. एच.पी. नारायण, पूर्णमल जैन, चंदन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन चंदन मिश्रा ने किया।
















