जमशेदपुर: अवैध संबंध के शक में ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
नीरज तिवारी / जमशेदपुर
जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अवैध संबंध के शक में की गई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना का विवरण
मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहन सोरेन के रूप में हुई है, जो पेशे से एक ऑटो चालक था और मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था। मोहन के भाई सुंदरनगर के नया बस्ती क्षेत्र में निवास करते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहन का आरोपी राजू मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था। मोहन, राजू की पत्नी सविता मुर्मू को अपनी ‘मुंह बोली मामी’ मानता था, लेकिन राजू को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था, जिसके चलते अक्सर घर में विवाद होता रहता था।
कैसे दिया घटना को अंजाम?
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात का घटनाक्रम: देर रात जब मोहन राजू के घर पहुंचा, तो इसी शक को लेकर विवाद और गहरा गया।
पत्नी को घर से निकाला: विवाद के दौरान राजू ने अपनी पत्नी सविता के साथ मारपीट की और उसे बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया। सविता ने रात किसी अन्य के घर में बिताई।
घातक हमला: घर में अकेले मौजूद मोहन और राजू के बीच बहस बढ़ गई। गुस्से में आकर राजू ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची से मोहन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। गंभीर चोट लगने से मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सनी स्टील की डेकची, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
















