Khunti: Firing at petrol pump

खूंटी : पेट्रोल पंप पर फायरिंग, PLFI के नाम से पर्चा छोड़ 10 लाख की मांग

Share
Link copied

खूंटी: भगत सिंह चौक स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार रात बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग कर सनसनी फैला दी। वारदात के बाद मौके से कथित तौर पर PLFI के नाम से एक पर्चा बरामद हुआ है। पर्चे में पेट्रोल पंप संचालक एवं ठेकेदार अमित साहू से दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये संगठन को सहयोग के रूप में देने की मांग की गई है। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।

घटना के वक्त अमित साहू पेट्रोल पंप पर मौजूद नहीं थे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

RKDF
advertisement

CCTV में कैद हुई वारदात

पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में बाइक सवार दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपने चेहरे और सिर को कपड़े से ढक रखा था। बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप पर पहुंचने के बाद दोनों ने फायरिंग की और फिर बाइक से तोरपा रोड की ओर फरार हो गए।

पर्चे की भी जांच कर रही पुलिस

घटनास्थल से मिले कथित PLFI पर्चे को पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पर्चा वास्तव में प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा है या अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए संगठन के नाम का इस्तेमाल किया है।

पुलिस CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। घटना के पीछे रंगदारी की मांग और अपराधियों की वास्तविक पहचान समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये देने की कथित धमकी के बाद पेट्रोल पंप संचालक और आसपास के कारोबारियों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।