नामकुम में युवक को मारी गई गोली, गंभीर हालत में रिम्स रेफर

रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना पप्पू होटल के पास रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान लगभग 30 वर्षीय शमशेर के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शमशेर पप्पू होटल के समीप खड़ा था। इसी दौरान एक फोर-व्हीलर वाहन वहां पहुंचा, जिसमें सवार युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि दो गोलियां चलीं, जिनमें एक गोली उसके पेट में और दूसरी कंधे के आसपास लगी।
गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शमशेर को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। घायल के पिता हाजी साउद आलम ने बताया कि शमशेर की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे सदर अस्पताल से रिम्स ले जाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शमशेर फाइनेंस पर ली गई गाड़ियों की रिकवरी का काम भी करता था। हालांकि, गोलीबारी के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मामले पर नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी इलाके में करीब छह वर्ष पहले भी पप्पू होटल के पास एक युवक की हत्या की घटना हुई थी। ताजा गोलीकांड के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।
















