deputy-commissioner-maduwa-cultivation-women-entrepreneurship

सिमडेगा में 250 एकड़ में हो रही मड़ुवा की खेती, महिला उद्यमिता और पर्यटन विकास का उपायुक्त ने लिया जायजा

Share
Link copied
deputy-commissioner-maduwa-cultivation-women-entrepreneurship
deputy-commissioner-maduwa-cultivation-women-entrepreneurship

सिमडेगा: जिले में कृषि को बढ़ावा देने, ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से उपायुक्त कंचन सिंह ने सोमवार को कोलेबिरा प्रखंड के शाहपुर पंचायत और भंवर पहाड़ पर्यटन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 250 एकड़ में हो रही मड़ुवा की खेती, जेएसएलपीएस के माध्यम से संचालित आजीविका गतिविधियों और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त ने शाहपुर राजस्व ग्राम में बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत विकसित मड़ुवा उत्पादन क्लस्टर का निरीक्षण किया। यहां लगभग 250 एकड़ में मड़ुवा की खेती की जा रही है। उन्होंने फसलों की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से खेती से संबंधित जानकारी प्राप्त की। साथ ही झारखंड मिलेट मिशन के तहत मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष पेंशन, राशन और गांव के विकास से जुड़ी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने जेएसएलपीएस के माध्यम से संचालित आजीविका गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुकरमुणि देवी की लेयर बर्ड यूनिट में बीवी-380 नस्ल की मुर्गियों के पालन और अंडा उत्पादन की जानकारी ली। सुकरमुणि देवी ने बताया कि उनकी इकाई में 100 मुर्गियों से प्रतिदिन लगभग 70 से 75 अंडों का उत्पादन हो रहा है।

इसके बाद उपायुक्त ने मुन्नी देवी की मधुमक्खी पालन इकाई का जायजा लिया। जेएसएलपीएस से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद मुन्नी देवी ने मधुमक्खी पालन शुरू किया है। वर्तमान में उनके पास मधुमक्खी पालन के 22 बक्से हैं। उनके अनुसार, शहद की बिक्री से उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिल रहा है और शहद की कीमत लगभग 700 से 800 रुपये प्रति किलोग्राम है।

उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आजीविका से जोड़ना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महत्वपूर्ण है। लेयर बर्ड और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियां महिलाओं की आय बढ़ाने में सहायक हो सकती हैं। उन्होंने इन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार से जुड़ाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने किसानों को मोटे अनाज की खेती अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इससे पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

उपायुक्त ने भंवर पहाड़ पर्यटन स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां पर्यटन विकास की संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार को पर्यटन स्थल के विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो, जेएसएलपीएस की डीपीएम शांति मार्डी, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक कुमार सौरभ और सहायक तकनीकी प्रबंधक कूलन समद उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।