रांची में जनता दरबार: 90% दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, डीसी ने सुनीं लोगों की समस्याएं

रांची: दुर्गापूजा के बाद सोमवार को समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद, पंजी-2 में सुधार और पेंशन भुगतान सहित कई मामले सामने आए।
जनता दरबार में ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी 90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो को उपायुक्त ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की। इससे उन्हें आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ दैनिक जीवन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी। ट्राईसाइकिल मिलने पर कुलवंश महतो ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने यूट्यूब पर देखा था कि उपायुक्त जरूरतमंद लोगों की मदद करते हैं। जनता दरबार में आने के बाद उनकी समस्या का समाधान हो गया। उन्होंने कहा कि यदि हर जिले में ऐसे उपायुक्त हों, तो उनके जैसे दिव्यांग लोगों को सहायता के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
जनता दरबार में अरगोड़ा अंचल के कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण मुंडा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विभिन्न अंचलों के राजस्व कर्मचारी भी पहुंचे। उन्होंने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस पर उपायुक्त ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इसका खुलासा होगा। उन्होंने मृतक के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता की शिकायत पर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कदम उठाने को कहा।
जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा हटाने, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद जारी करने और पंजी-2 की त्रुटियों में सुधार के लिए आवेदन दिए गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का नियमानुसार जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों के साथ राजस्व संबंधी लंबित मामलों की भी नियमित समीक्षा करने को कहा, ताकि लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
वहीं, वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान लंबित रहने की शिकायत पर उपायुक्त ने आवेदकों को बताया कि केंद्र सरकार से पेंशन की राशि प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही लाभुकों के बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।

सिमडेगा में रातभर पुलिस की निगरानी, गश्ती दलों का औचक निरीक्षण
सिमडेगा: जिले में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रात्रिकालीन गश्ती और…

टीबी मुक्त भारत अभियान में तेजी लाने का निर्देश, 24 घंटे में अपडेट करनी होगी जानकारी
रांची: झारखंड में टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति में तेजी लाने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग…
















