झारखंड में 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर होगी BLO-BLA-2 की बैठक, SIR के मामलों पर होगी चर्चा

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर 4 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। इसके साथ ही चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को रांची स्थित निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में उन मतदाताओं के मामलों पर चर्चा की जाएगी, जिन्हें सुनवाई के दौरान दो बार नोटिस दिए जाने और घर-घर जाकर दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया के बावजूद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो सके हैं।
के. रवि कुमार ने कहा कि बैठक का उद्देश्य BLO और BLA-2 के बीच समन्वय स्थापित करना है, ताकि ऐसे मतदाताओं से संपर्क किया जा सके, जिन्होंने इन्युमरेशन फॉर्म जमा किया है, लेकिन सुनवाई के दौरान जरूरी दस्तावेज नहीं दे पाए हैं। उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामलों के नियमानुसार निष्पादन में सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मामले की जांच और सुनवाई निर्धारित नियमों के अनुसार होगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और कोई अपात्र या विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों को 4 नवंबर की बैठक में सक्रिय भागीदारी के लिए निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन पात्र भारतीय नागरिकों की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए भी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ तेज, आंध्र प्रदेश के तटों के लिए रेड अलर्ट; 28 अक्टूबर को लैंडफॉल की आशंका
115 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं झोंके;…

झारखंड में 695 डॉक्टर लंबे समय से ड्यूटी से गायब, 631 की सेवा समाप्त करने की तैयारी; 64 से मांगा गया स्पष्टीकरण
स्वास्थ्य विभाग ने 15 दिनों के भीतर मांगा सेवा में होने का प्रमाण, जेपीएससी की मंजूरी और कैबिनेट की स्वीकृति के बाद…
















