छठ पूजा की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम में बैठक, घाटों की सफाई और लाइटिंग पर जोर

रांची: छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सोमवार को रांची नगर निगम कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त सुशांत गौरव और उपनगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में छठ घाटों की साफ-सफाई, लाइटिंग, पहुंच पथ की मरम्मत, जल निकासी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों से नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि तालाबों की सफाई, पानी की आवक और निकासी, घाटों के आसपास सिविल वर्क, पहुंच पथ तथा प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। शहर के कुछ क्षेत्रों में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों को लेकर भी समितियों से फीडबैक लिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि लोगों को जलाशयों से जोड़ने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी अवसर है। उन्होंने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से अगले 15 से 20 दिनों तक श्रमदान और साफ-सफाई के माध्यम से जलाशयों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और जनभागीदारी से छठ पूजा की तैयारियों को बेहतर बनाया जा सकता है।
कृत्रिम जलाशयों के निर्माण को लेकर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की ओर से हर साल शहर में 50 से अधिक कृत्रिम जलाशय तैयार कराए जाते हैं। इसके लिए जेसीबी की मदद से निर्माण कार्य कराया जाता है। पहले से बने छोटे जलाशयों की सफाई कराकर उनमें पानी की व्यवस्था भी की जाती है। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी कृत्रिम जलाशय बनाने की मांग आती है, तो नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा।
बैठक के बाद बड़ा तालाब छठ पूजा समिति के प्रतिनिधि चुन्नू मिश्रा ने कहा कि पिछले साल सफाई व्यवस्था कुल मिलाकर ठीक रही थी, लेकिन कुछ कमियां रह गई थीं। इस बार बैठक में उन कमियों को नगर निगम के सामने रखा गया है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत, लाइटिंग और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
चुन्नू मिश्रा ने कहा कि छठ पूजा समितियां अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी और नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर पर्व को बेहतर तरीके से संपन्न कराने का प्रयास करेंगी। बैठक में घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

खड़गे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा का कांग्रेस भवन पर प्रदर्शन, माफी की मांग
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को रांची…

झारखंड में 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर होगी BLO-BLA-2 की बैठक, SIR के मामलों पर होगी चर्चा
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर 4 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ…















