अंगदान कई लोगों को दे सकता है नया जीवन : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑर्गन एंड टिश्यू डोनेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर

रांची : मुख्यमंत्री Hemant Soren सोमवार को रांची के बारियातू रोड स्थित एक होटल में आयोजित “बेस्ट प्रैक्टिसेज इन ऑर्गन एंड टिश्यू डोनेशन” कार्यशाला में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंगदान मानवता, संवेदनशीलता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है तथा यह कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां ला सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑर्गन एंड टिश्यू डोनेशन एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, जिसके प्रति समाज में व्यापक जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को अंगदान से जुड़े कानूनी पहलुओं की भी जानकारी होनी चाहिए और इस दिशा में राज्य सरकार लगातार पहल कर रही है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद अस्पतालों को परिजनों से संवेदनशील तरीके से संवाद स्थापित कर अंगदान के महत्व को समझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंगदान कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो सकता है और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज चिकित्सा क्षेत्र तेजी से तकनीक आधारित हो रहा है। रोबोटिक सर्जरी, लिवर और किडनी प्रत्यारोपण जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार भी स्वस्थ झारखंड के निर्माण के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है।
उन्होंने कार्यशाला के आयोजन के लिए MOHAN Foundation की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सरकार, स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से मिलकर अंगदान जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री Irfan Ansari, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, मणिपाल ऑर्गन शेयरिंग के कंट्री हेड कर्नल अवनीश, मोहन फाउंडेशन की कंट्री हेड ललिता रघुराम, क्रिटिकल केयर मणिपाल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मिश्रा तथा कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल के संस्थापक निदेशक डॉ. बी. कश्यप समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

















