Thousands of JMM workers gather at booth-level workers' conference; raise questions regarding the SIR.

बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटे हजारों झामुमो कार्यकर्ता, एसआईआर पर उठाए सवाल

Thousands of JMM workers gather at booth-level workers' conference; raise questions regarding the SIR.
Thousands of JMM workers gather at booth-level workers’ conference; raise questions regarding the SIR.

खूंटी: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला इकाई द्वारा बुधवार को नगर भवन में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में जिले भर से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं केंद्रीय प्रवक्ता बिनोद कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिनोद कुमार पांडेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहार और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की प्रक्रिया के दौरान लाखों मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे, जिसके गंभीर परिणाम सामने आए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हट जाता है तो वह अपने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों से वंचित हो सकता है। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में भी परेशानी आ सकती है। उन्होंने पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एसआईआर प्रक्रिया को गंभीरता से लें और सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना कारण सूची से न हटे।

कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली : जुबैर अहमद

स्वागत भाषण में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय के संवाद से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह ऊर्जा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगी।

विधायकों ने भी रखे विचार

सम्मेलन में तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया तथा खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। विकास मुंडा ने कहा कि कार्यकर्ता जिस सक्रियता से चुनावी अभियान में भाग लेते हैं, उसी तरह एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भी सतर्क और सक्रिय रहें। वहीं सुदीप गुड़िया ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाकर लोगों के अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। रामसूर्या मुंडा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी मतदाता का नाम सूची से कटने न दें।

नेताओं ने महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि

सम्मेलन से पूर्व बिनोद कुमार पांडेय ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ खूंटी कचहरी मैदान स्थित भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा, शहीद भगत सिंह तथा सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

ऑडियो-विजुअल माध्यम से दिया गया प्रशिक्षण

सम्मेलन के दौरान एसआईआर से संबंधित विषयों पर पार्टी की विशेषज्ञ टीम द्वारा ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन शंकर सिंह मुंडा ने किया। इस अवसर पर जिला सचिव सुशील पाहन, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशांति कोनगाड़ी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमृत हेमरोम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।