मोहर्रम पर रांची प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी; शांति समिति की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देश

रांची : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-बी के कक्ष संख्या-505 में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी, विभिन्न अखाड़ा समितियों, महावीर मंडल और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतिनिधियों ने साफ-सफाई, सुरक्षा, बिजली, पेयजल, एम्बुलेंस, यातायात व्यवस्था और जुलूस मार्गों की स्थिति समेत विभिन्न मुद्दों पर सुझाव दिए।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मोहर्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
उन्होंने अखाड़ा समितियों से माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने, झंडों की निर्धारित ऊंचाई बनाए रखने तथा स्थानीय थाना के समन्वय से स्वीकृत मार्गों पर ही जुलूस निकालने का आग्रह किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व से सख्ती से निपटा जाएगा। सभी जुलूस निर्धारित समय और मार्ग के अनुसार संचालित किए जाएं, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने अखाड़ा समितियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
प्रशासन ने बताया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जुलूसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी, जबकि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी सहयोग, समन्वय और भाईचारे के साथ मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की।

















