खूंटी में PLFI पर बड़ा प्रहार: मुठभेड़ में एरिया कमांडर श्रवण दास घायल, 6 साथी गिरफ्तार

खूंटी : खूंटी पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के हार्डकोर एरिया कमांडर श्रवण दास उर्फ फगुआ दास मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि उसके छह सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार उग्रवादियों में सुदर्शन सोय, सलीम बोदरा, सामू डोडराय, विष्णु मांझी उर्फ एडी, हर्षित गुड़िया उर्फ बोयदा पहान और उमर खान उर्फ नील खान शामिल हैं। सभी की उम्र 19 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
हथियार और दस्तावेज बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इलाके में लेवी वसूली और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े कई मामलों में ये सभी पहले से वांछित थे। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि श्रवण दास लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उस पर सरकारी योजनाओं में बाधा, आगजनी और फायरिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ कैसे हुई
पुलिस पूछताछ के दौरान श्रवण दास ने इंदवन क्षेत्र में हथियार छिपाने की जानकारी दी थी। टीम जब उसे मौके पर लेकर पहुंची और जब्ती सूची तैयार की जा रही थी, तभी उसने कथित तौर पर एक सब-इंस्पेक्टर की बंदूक छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया।
नेटवर्क का बड़ा खुलासा संभव
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से चार हथियार, 20 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल और एक डायरी बरामद की है। इस डायरी में कई ठेकेदारों के मोबाइल नंबर और संगठन की गतिविधियों का विवरण मिलने की बात सामने आई है। पुलिस का मानना है कि इससे संगठन के लेवी वसूली नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों का बड़ा खुलासा हो सकता है।
अस्पताल में इलाज जारी
घायल श्रवण दास का इलाज रांची के रिम्स अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि इससे इलाके में उग्रवादी गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही, नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील भी की गई है।

















