पलामू में दिनदहाड़े प्रज्ञा केंद्र से एक लाख की लूट, सीसीटीवी में कैद हुए अपराधी

पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतराई स्थित पंजाब नेशनल बैंक के प्रज्ञा केंद्र में गुरुवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। महज दो मिनट के भीतर दो अपराधी करीब एक लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना प्रज्ञा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर-पांकी मुख्य मार्ग पर स्थित प्रज्ञा केंद्र में दोपहर करीब 12:20 बजे एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा और खाता खोलने संबंधी जानकारी लेने लगा। इसी दौरान दूसरा युवक वहां पहुंचा और केंद्र संचालक रविन्द्र कुमार पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद उसने अपने साथी को नकदी लूटने का निर्देश दिया।
बताया गया कि पहला युवक तुरंत केंद्र के अंदर घुसा और काउंटर में रखे करीब एक लाख रुपये लेकर दोनों अपराधी फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे डालटनगंज की ओर भाग निकले। अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांध रखा था।
घटना के बाद संचालक रविन्द्र कुमार ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। इस संबंध में रविन्द्र कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
रविन्द्र कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से अपने घर में ही प्रज्ञा केंद्र संचालित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर केंद्र पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है, लेकिन घटना के समय ग्राहकों की संख्या कम थी। अचानक हुई इस वारदात से वह घबरा गए। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें डरा दिया और देखते ही देखते नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

















