रांची में बोले अश्विनी कुमार चौबे: झारखंड में विकास अवरुद्ध, भरत तिवारी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

रांची: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने मंगलवार को राजधानी रांची स्थित ओल्ड सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए झारखंड और बिहार के मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने झारखंड के विकास, कांग्रेस पर आरोप, जयप्रकाश नारायण जयंती कार्यक्रम और बिहार के चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले पर अपनी बात रखी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि वर्तमान समय में झारखंड का विकास अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे “संविधान का हत्यारा” बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर आगामी 11 अक्टूबर को बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने झारखंड की धरती से भी लोगों से इस आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया।
बिहार के चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए चौबे ने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश के लोगों के न्याय की मांग का मामला है। उन्होंने दावा किया कि भरत तिवारी बाढ़ प्रभावित और गरीब परिवारों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाते थे।
चौबे ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों और कथित षड्यंत्र में शामिल सभी लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
















