हूल दिवस पर झामुमो ने शहीद सिदो-कान्हू को किया नमन, अनिल कंडुलना बोले- संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सिमडेगा जिला समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर हूल क्रांति के महानायक वीर शहीद सिदो-कान्हू समेत सभी स्वतंत्रता सेनानी नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नेताओं ने उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए समाज से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
झामुमो जिला अध्यक्ष अनिल कंडुलना ने कहा कि सन 1855 में अंग्रेजों के जुल्म, शोषण और अत्याचार के खिलाफ “हमारी माटी छोड़ो” का नारा देकर संघर्ष और बलिदान की अमर गाथा लिखने वाले शहीदों को याद करने का यह विशेष दिन है। उन्होंने कहा कि आज देश लोकतांत्रिक व्यवस्था में आगे बढ़ रहा है, ऐसे समय में अमर शहीद सिदो-कान्हू का बलिदान हर भारतीय को प्रेरित करता है। उनके संघर्ष ने समाज को अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने का साहस दिया। उन्होंने लोगों से हूल क्रांति के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की अपील की।
जिला सचिव मो. सफीक खान ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 30 जून को हूल दिवस मनाकर महान क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी जाती है। उन्होंने कहा कि शहीदों की जन्मस्थली भोगनाडीह में भी उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया जाता है। इस दिन झारखंड सहित पूरे देश में आदिवासी समाज अपने वीर शहीदों के बलिदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
हूल क्रांति दिवस के अवसर पर झामुमो नेताओं ने कहा कि वीर शहीदों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव मो. सफीक खान, जिला उपाध्यक्ष रितेश बड़ाइक, मो. सेराजुद्दीन, केंद्रीय समिति सदस्य नोवस केरकेट्टा, फिरोज अली, प्रफुल्लित डुंगडुंग, मो. इरशाद, किशोर डांग, जाफर खान, मो. शहीद, महिला मोर्चा सचिव प्रेमधानी हेमरोम, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनोद तिर्की, मिन्हाज राजन, कुंदन रजक, संजय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















