रांची पुलिस ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को दी सम्मानपूर्ण विदाई

रांची: रांची पुलिस की ओर से मंगलवार को नवीन पुलिस केंद्र, रांची में सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित करते हुए पुलिस विभाग में उनके दीर्घकालीन, समर्पित और उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवाएं विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित कई पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में एसएसपी ने सभी सेवानिवृत्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन सम्मान एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ।















