पथरगामा में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, दो देशी कट्टे व कारतूस के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

गोड्डा: गोड्डा पुलिस ने पथरगामा थाना क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को विफल करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस और बिना नंबर की दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। जबकि दो अन्य आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार 29 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि अमरपुर पुल के पास 4-5 अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम मौके पर पहुंची तो वहां ग्रामीणों की भीड़ ने हथियारबंद संदिग्धों को घेर रखा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी फरार होने में सफल रहे।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे शराब की तस्करी करते हैं और आने-जाने वाले मोटरसाइकिल, टोटो व टेंपो चालकों से लूटपाट कर उन्हीं वाहनों से अवैध शराब की सप्लाई करते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी इसी मंशा से अमरपुर पुल के पास जमा हुए थे।
पुलिस ने आरोपियो के पास से 315 बोर का एक देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस, 303 बोर का एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की दो काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी कुमार, अर्जुन कुमार दास और राहुल देव राय शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी कुमार और अर्जुन कुमार दास के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
















