गोड्डा में 1.56 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

गोड्डा: गोड्डा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को नगर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 1.56 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के मीट मंडी के बगल स्थित एक गुमटी तथा पुराने समाहरणालय के सामने स्थित दूसरी गुमटी में छापेमारी की गई। छापेमारी का नेतृत्व अंचल अधिकारी हलधर सैठी ने किया।
पहली कार्रवाई में महावीर नगर निवासी सिंदु देवी (75 वर्ष) के कब्जे से 485 ग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं दूसरी छापेमारी में समस्तीपुर (बिहार) के मूल निवासी एवं वर्तमान में लोहिया नगर, गोड्डा में रह रहे प्रवीण कुमार सहनी (33 वर्ष) के पास से 1075 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा H-10 कंपनी के सिगरेट पैकेट में भरे 10 गांजा युक्त सिगरेट, प्री-रोल्ड कोन्स, पैकिंग सामग्री तथा गांजा की पुड़िया बनाने वाली एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के पास से कुल 1560 ग्राम (1.56 किलोग्राम) गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में गोड्डा नगर थाना कांड संख्या-120/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b), 25 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
















