Dispute over truck removal; questions raised regarding police action; SP orders inquiry.

ट्रक हटाने को लेकर विवाद, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल; एसपी ने दिए जांच के आदेश

Share
Link copied
Dispute over truck removal; questions raised regarding police action; SP orders inquiry.
Dispute over truck removal; questions raised regarding police action; SP orders inquiry.

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा: जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टापूडेगा गांव में ट्रक हटाने को लेकर पुलिस और चालक के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की, जिस पर पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव खोटरे ने मुख्यालय डीएसपी रणविजय सिंह को जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, चालक अपने घर के सामने सुविधा के अनुसार ट्रक खड़ा करता था। इसी दौरान ट्रक हटाने पहुंची पुलिस और चालक के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग भी किया।

मंगलवार को भाजपा नेताओं, ठेठईटांगर की एक जिला परिषद सदस्य और अन्य स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।

एसपी के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी रणविजय सिंह टापूडेगा पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू की। डीएसपी ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि ट्रक मुख्य सड़क से हटकर चालक के घर के सामने खड़ा था, ऐसे में पुलिस की कार्रवाई और कथित गाली-गलौज एवं मारपीट पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों का कहना है कि मंदिर के सामने ट्रक खड़े होने से कीचड़ और आवागमन में परेशानी की शिकायत मिल रही थी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।