देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों में शामिल हुए सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस. खोटरे

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सुरेश राव खोटरे (आईपीएस) ने जिले के नाम एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज कराई है। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका ‘फेम इंडिया’ और ‘एशिया पोस्ट’ की ओर से जारी देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में एसपी श्रीकांत एस. खोटरे का चयन किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को सिमडेगा पुलिस और पूरे जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। एसपी खोटरे के नेतृत्व में सिमडेगा पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की है।

उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस टीम ने कई चर्चित आपराधिक मामलों का त्वरित उद्भेदन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। पुलिस की सक्रियता और प्रभावी कार्रवाई से जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिली है।
एसपी श्रीकांत एस. खोटरे के चयन से सिमडेगा पुलिस का मनोबल बढ़ा है। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर सिमडेगा जिले की पुलिसिंग को पहचान मिलने से जिले की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। इस उपलब्धि पर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एसपी श्रीकांत एस. खोटरे सहित पूरी सिमडेगा पुलिस टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।




















