फेम इंडिया-एशिया सर्वे में चमके झारखंड के डीसी आदित्य रंजन, देश के टॉप-50 जिलाधिकारियों में बनाई जगह

रांची: फेम इंडिया और एशिया पोस्ट की ओर से कराए गए राष्ट्रीय स्तर के प्रशासनिक सर्वेक्षण में झारखंड के एक और अधिकारी ने अपनी कार्यशैली का लोहा मनवाया है। राज्य के जिला अधिकारी आदित्य रंजन को देश के 50 सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों की सूची में स्थान मिला है।

सर्वे के पहले चरण में देश के 23 राज्यों के 100 जिलाधिकारियों का चयन किया गया था। इसके बाद प्रशासनिक कार्यों के विभिन्न मानकों पर प्रत्येक अधिकारी का मूल्यांकन किया गया। कुल 1000 अंकों के पैमाने पर प्रदर्शन का आकलन करने के बाद सर्वश्रेष्ठ 50 जिलाधिकारियों की सूची तैयार की गई।


पहले चरण में झारखंड से छह जिलाधिकारी शामिल किए गए थे। इनमें मंजूनाथ भाजंत्री, आदित्य रंजन, दिनेश कुमार यादव, रवि आनंद, आर. रोनिता और हेमंत सती के नाम शामिल थे। अंतिम परिणाम में इनमें से केवल दो अधिकारियों को देश के टॉप-50 जिलाधिकारियों की सूची में स्थान मिल सका।


फेम इंडिया-एशिया पत्रिका के सर्वे के अनुसार, 2015 बैच के आईएएस अधिकारी आदित्य रंजन को कुल 824 अंक प्राप्त हुए। उन्हें कौशल विकास, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, जवाबदेह कार्यशैली, प्रभावी सुशासन, दूरदर्शिता एवं नवाचार, उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता, जनसंपर्क और संवाद कौशल, विकासोन्मुख सोच, व्यवहार कुशलता तथा संवेदनशील एवं गंभीर प्रशासनिक दृष्टिकोण जैसे मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उच्च अंक दिए गए।

यह उपलब्धि न केवल आदित्य रंजन की प्रशासनिक क्षमता को दर्शाती है, बल्कि झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।


















