छाताबाद में फिर भू-धंसान का कहर, दर्जन भर घर जमींदोज; दहशत में लोग

धनबाद: जिले के कतरास स्थित छाताबाद में एक बार फिर भू-धंसान की बड़ी घटना सामने आई है। अचानक जमीन धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में करीब दर्जन भर घर जमींदोज हो गए हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई बार भू-धंसान की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।


लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने छाताबाद के लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रभावित परिवारों में भय का माहौल है और वे प्रशासन से तत्काल राहत, पुनर्वास तथा स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।


फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुटी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।



















