बिष्टुपुर हत्याकांड: पार्वती घाट पर हुआ हिमांशु सिंह का अंतिम संस्कार, मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा पर ₹2 लाख का इनाम

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के सामने हुई चर्चित हत्या की घटना में मारे गए हिमांशु सिंह का बुधवार शाम पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अंतिम विदाई देने के लिए शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरे माहौल में शोक का वातावरण रहा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हिमांशु सिंह के अंतिम संस्कार में उनके परिजन, रिश्तेदार, मित्रों के अलावा सामाजिक और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इधर, इस सनसनीखेज हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह निवासी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने आरोपी पर ₹2 लाख का इनाम घोषित किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और तकनीकी माध्यमों से भी उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आम लोगों से भी आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
गौरतलब है कि बिष्टुपुर में डबल डाउन बार के सामने हुई इस हत्या के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
















