दुमका में दर्दनाक हादसा: वज्रपात की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत, भाई बेहोश

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के बूढ़ीडंगाल गांव में बुधवार को वज्रपात की एक दर्दनाक घटना में दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनका भाई बेहोश हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक बच्चियों के पिता शिवलाल मरांडी ने बताया कि बारिश के दौरान वह अपनी पत्नी सोनामुनी बास्की और एक बच्चे के साथ घर के दरवाजे के पास बैठे हुए थे। वहीं उनकी 11 वर्षीय और 6 वर्षीय बेटियां तथा 13 वर्षीय बेटा कमरे के अंदर जमीन पर सो रहे थे।
इसी दौरान अचानक तेज वज्रपात हुआ, जिससे घर के सभी लोग घबरा गए। परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े तो देखा कि तीनों बच्चे बेहोशी की हालत में पड़े हुए हैं। आनन-फानन में उन्हें संभालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक दोनों बेटियों की सांसें थम चुकी थीं। वहीं 13 वर्षीय बेटे की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे बूढ़ीडंगाल गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।
















