20 साल बाद खाली हुआ 10 सर्कुलर रोड, राबड़ी देवी परिवार समेत नए आवास में हुईं शिफ्ट

पटना: लंबे समय से राजनीतिक चर्चा का केंद्र बने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले को आखिरकार पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने खाली कर दिया है। करीब दो दशक तक इस आवास में रहने के बाद अब वह अपने परिवार के साथ पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट हो गई हैं। हालांकि सरकार की ओर से राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड स्थित 39 नंबर सरकारी बंगला आवंटित किया गया है, लेकिन फिलहाल उन्होंने वहां जाने के बजाय अपने निजी आवास में रहने का फैसला किया है।
दरअसल, भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने का निर्देश दिया था। इसके बाद लगातार इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी होती रही। विपक्ष ने सरकार पर दबाव बनाकर बंगला खाली कराने का आरोप लगाया, जबकि सरकार ने इसे नियमों के तहत की गई कार्रवाई बताया। जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी अब कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी घर में रहेंगे। वहीं, तेजस्वी यादव की पत्नी और बच्चे पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए हैं।
साल 2006 में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड का यह सरकारी आवास आवंटित किया गया था। पिछले 20 वर्षों में यह बंगला बिहार की राजनीति का अहम केंद्र बना रहा। इसी आवास से राजद ने कई बड़े राजनीतिक फैसले लिए और पार्टी ने सत्ता से लेकर विपक्ष तक के कई दौर देखे। तेजस्वी यादव के उपमुख्यमंत्री बनने सहित परिवार की कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं का यह बंगला गवाह रहा।
अब इस ऐतिहासिक राजनीतिक पते से राबड़ी देवी के परिवार का अध्याय समाप्त हो गया है और परिवार ने अपने नए ठिकाने से राजनीतिक गतिविधियां आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।

















