रांची में रैपिडो बाइक राइडर्स की हड़ताल, बेहतर किराया और कमीशन में कटौती की मांग

रांची: राजधानी रांची में कैब ड्राइवरों की हड़ताल के बाद अब रैपिडो बाइक राइडर्स भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। सैकड़ों राइडर्स ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बेहतर किराया, कमीशन में कटौती और आय बढ़ाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे राइडर्स का कहना है कि पिछले दो वर्षों से किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि पेट्रोल, वाहन की सर्विसिंग, मेंटेनेंस और अन्य खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में मौजूदा किराया उनकी लागत के मुकाबले बेहद कम है, जिससे रोजी-रोटी चलाना मुश्किल हो गया है।
राइडर्स के अनुसार, वर्तमान में 3 किलोमीटर तक का बेस फेयर 15 रुपये है और इसके बाद 5 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान किया जाता है। उनकी मांग है कि बेस फेयर बढ़ाकर 25 रुपये किया जाए और प्रति किलोमीटर किराया 8 रुपये निर्धारित किया जाए। इसके अलावा कंपनी द्वारा लिए जाने वाले 30 से 35 प्रतिशत कमीशन को घटाकर 20 प्रतिशत करने की भी मांग की गई है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे दिन-रात सड़क पर रहकर यात्रियों को सेवा देते हैं और कई बार अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते हैं। इसके बावजूद लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के कारण उनकी आय घटती जा रही है। उनका आरोप है कि कंपनी राइडर्स की समस्याओं और आर्थिक परेशानियों की अनदेखी कर रही है।
रैपिडो बाइक राइडर्स ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल का असर शहर में बाइक टैक्सी सेवा पर भी देखने को मिल सकता है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

















