प्रेम प्रसंग में हुई थी रानी कुमारी की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रांची: चुटिया थाना क्षेत्र में 31 मई को हुई रानी कुमारी हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि हत्या का मुख्य कारण प्रेम प्रसंग से उत्पन्न आपसी ईर्ष्या था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, 31 मई को केतारी बगान, घाट रोड स्थित एक मकान में किरायेदार रानी कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। प्रारंभिक जांच में यूडी केस दर्ज किया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि रानी कुमारी की मौत सामान्य नहीं बल्कि गंभीर चोट और गला दबाने के कारण दम घुटने से हुई थी। इसके बाद चुटिया थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी रांची के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान, गुप्त सूचना और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल कुमार गुप्ता (पिता- ललन साह, निवासी नगर बाजार, दमदम, जिला- हावड़ा, पश्चिम बंगाल) को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी आपसी रंजिश और ईर्ष्या मुख्य वजह थी। फिलहाल पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















