हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो बदमाश हथियार और स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार

हजारीबाग: जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में हजारीबाग पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन, एक देशी लोडेड पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ अपराधी हथियार लेकर गिद्दी से मांडू होते हुए हजारीबाग की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने गिद्दी-मांडू मार्ग स्थित कनकी मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दो अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल और भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी लोडेड पिस्टल, दो जिंदा गोलियां, दो मैगजीन, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की गई।
पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















