पेयजल एवं स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न.
हजारीबाग, कुंदन लाल.
हजारीबाग : पेयजल एवं स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक हजारीबाग जिले के डीडीसी अभय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को सूचना भवन में आयोजित की गयी। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत घरों में पेयजल आपूर्ति के निर्धारित 69770 लक्ष्य के विरुद्ध सिर्फ 2280 घरों में पानी का कनेक्शन दिए जाने के कारण डीडीसी श्री सिन्हा ने नाराजगी व्यक्त की और लक्ष्य निर्धारित कर सभी अभियंताओं,ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
डीडीसी श्री सिन्हा ने विलेज एक्शन प्लान बनाकर उनके समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। पेयजल समस्या को लेकर सभी अभियंताओं को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण के गुणवत्ता की जाँच करने सहित शौचालय के प्रयोग को लेकर लोगों पर जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिया। वहीं पदमा ब्लॉक में विशेष अभियान चलाकर शौचालय निर्माण करने की बात कही। जिन जगहों पर जमीन विवाद के कारण सामूदायिक शौचालय निर्माण में दिक्कत आ रही है उन जगहों पर किसी अन्य जमीन में निर्माण कार्य कराने की बात कही।
बैठक में हजारीबाग जिले के डीडीसी अभय कुमार सिन्हा के अलावे कार्यपालक अभियंता,जिला समन्वयक,जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन एवं सभी कनीय अभियंता एवं सोशल मोबिलाइजर उपस्थित थे।















