राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितता की जांच की मांग को लेकर झामुमो का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर गुरुवार को जमशेदपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने साकची से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झामुमो नेता बबन राय के नेतृत्व में निकली रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन को आकर्षक बनाने के लिए भगवान श्रीराम, माता सीता और वानर सेना की झांकियां भी शामिल की गईं, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की तथा कथित वित्तीय अनियमितताओं की न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई।
झामुमो नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी संस्थान में यदि वित्तीय गड़बड़ी के आरोप सामने आते हैं, तो लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
















