बिजली विभाग की लापरवाही से हजारों रुपए का बिल जारी कर दिया गया.
चतरा, संजय.
चतरा : चतरा में बिजली विभाग कब क्या कर जाए कुछ पता नहीं होता। जिम्मेदार अफसर अगर गौर न करें तो जनता से बिजली विभाग नौ के सौ वसूलता रहेगा। ऐसा ही सच चतरा में सामने आया। जिसमें बिना मीटर चालू किए हुए हजारों रुपए का बिल जारी कर दिया गया है। चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड के अल्पसंख्यक बहुल फतहा गांव के लोग बिजली विभाग से बेहद नाराज हैं। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही की शिकायत पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री व उपायुक्त से करते हुए वरोध जताया है। उनका कहना है कि विद्युत विभाग फतहा गांव के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। गांव में 110 विद्युत उपभोक्ता हैं जो समय पर बिल भी जमा करते हैं। लेकिन विद्युत कर्मी फतहा गांव की समस्या का निराकरण नहीं करते।

विद्युत कर्मियों ने गांव के प्रत्येक घर में मीटर लगा दिया है किंतु अब तक मीटर चालू नहीं किया गया। जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं यहां लगे तार भी जर्जर हो चुके हैं। जिससे गांव में जानमाल की क्षति का भय हमेशा बना रहता है। इस बाबत कई बार ग्रामीणों ने विद्युत पदाधिकारियों से बातचीत की, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। उपभोक्ताओं ने समस्याओं का निराकरण करने का अनुरोध वरीय अधिकारियों से किया है। समस्या का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
















