सोना चमकाने के बहाने 76 वर्षीय महिला से ठगी, गोड्डा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

गोड्डा: महागामा थाना पुलिस ने सोना-चांदी चमकाने के नाम पर बुजुर्ग महिला से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से पिघला हुआ सोना, ठगी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नकदी और सोना साफ करने के उपकरण बरामद किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को उर्जानगर निवासी 76 वर्षीय कांता देवी ने महागामा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात युवक सोना-चांदी चमकाने का झांसा देकर उनके सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर महागामा थाना कांड संख्या 129/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान राजेश कुमार साह (25) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पिघले हुए सोने के टुकड़े, 18 हजार रुपये नकद, सोना-चांदी साफ करने वाला ब्रश, लिक्विड, पाउडर, घटना के समय पहने गए कपड़े और जूते तथा ठगी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (BR10AS3660) बरामद की।
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
















