सिमडेगा में क्रिकेट को मिलेगी नई रफ्तार, जिला क्रिकेट एसोसिएशन की एजीएम में तैयार हुआ विकास का रोडमैप

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: जिले में क्रिकेट के विकास और नई प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिमडेगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) रविवार को कुरडेग स्थित सुशील श्रीवास्तव के फार्म हाउस में आयोजित हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजय पुरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि ओलिवर लकड़ा, विशिष्ट अतिथि सोनी पैकरा तथा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद 22 मार्च को आयोजित पिछली एजीएम की कार्यवाही की पुष्टि की गई।
एसोसिएशन के सचिव तौकीर उस्मानी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं कोषाध्यक्ष शशि मिश्रा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का ऑडिटेड आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष रखा, जिसे सदस्यों ने मंजूरी दे दी।

बैठक में जिले में क्रिकेट की वर्तमान स्थिति, खिलाड़ियों की भागीदारी और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक बच्चों को क्रिकेट प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सिमडेगा के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकें।
एजीएम में आगामी क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और संगठन को मजबूत बनाने पर भी मंथन हुआ। इस दौरान जानकारी दी गई कि कोनमेंजरा में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम के लिए भूमि का चयन हो चुका है और उसके हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिले में क्रिकेट संस्कृति को बढ़ावा देने तथा संगठन को और सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया, जबकि समापन अवसर पर आयोजक सुशील श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बैठक में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

















