उन्नति राखी मेला 2026 का शुभारंभ, 53 महिला उद्यमियों को मिला कारोबार का मंच

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘उन्नति राखी मेला 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने मेले की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों, हुनर और व्यवसाय को प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिए प्रेरित करते हैं। पूर्णिमा साहू ने कहा, “मैं हर साल इस मेले का इंतजार करती हूं। इस बार भी मैंने अपने भाइयों के लिए यहीं से राखी खरीदी है।”

मेले में 53 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आकर्षक राखियों के अलावा महिलाओं के परिधान, ज्वेलरी, होम डेकोर, हस्तशिल्प, गिफ्ट आइटम, बच्चों से जुड़े उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और विभिन्न फूड आइटम उपलब्ध हैं। मेले में शहरवासियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
आयोजकों ने बताया कि ‘उन्नति राखी मेला’ का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और स्थानीय महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है। उद्घाटन के बाद विधायक पूर्णिमा साहू ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

















