सीआईएसएफ का बड़ा अभियान: तीन सप्ताह में 1,798 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त, 84 वाहन पकड़े गए

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने कोयला चोरी और तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले तीन सप्ताह के दौरान सीआईएसएफ ने लगभग 1.08 करोड़ रुपये मूल्य का 1,798 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया है। इस कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 84 वाहनों को भी जब्त किया गया।
सीआईएसएफ के अनुसार, कोयला तस्करी और अवैध खनन से जुड़े 21 मामलों में सीधे शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। यह अभियान गृह मंत्रालय के ‘जीरो कोल लीकेज’ मिशन के तहत संचालित किया जा रहा है।

सीआईएसएफ ने बताया कि अभियान के दौरान आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचनाओं और बढ़ी हुई वैधानिक शक्तियों का प्रभावी उपयोग किया गया। इसके माध्यम से कोयला चोरी, अवैध खनन और तस्करी के नेटवर्क पर कड़ी निगरानी रखी गई।
सीआईएसएफ ने कहा कि कोयला कंपनियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अवैध खनन एवं कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बल का उद्देश्य कोयला संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और राष्ट्रीय संपत्ति के नुकसान को रोकना है।

















