रांची रेलवे स्टेशन पर 12 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, कीमत 6 लाख रुपये

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची और आरपीएफ फ्लाइंग टीम ने ऑपरेशन “नारकोस” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से 12 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित वीआईपी गेट के पास जांच अभियान के दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में स्काई बैग लेकर बैठा मिला। जांच टीम को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पूछताछ और तलाशी ली गई। गिरफ्तार युवक की पहचान बृजराज यादव (19 वर्ष), निवासी कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बैग की तलाशी में चार पैकेटों में रखा कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ओडिशा के संताला से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम सौंपा गया था और इसके बदले प्रति किलोग्राम एक हजार रुपये मिलने थे। उसने यह भी खुलासा किया कि उसके साथ मौजूद मेहंदी अंसारी आरपीएफ की जांच देखकर मौके से फरार हो गया। आरपीएफ ने गांजे को जब्त कर सील कर दिया है। आरोपी और बरामद मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया है।
यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक अजीत कुमार तथा आरपीएफ फ्लाइंग टीम के आरक्षक दिलीप कुमार जितरवाल सहित अन्य कर्मियों की अहम भूमिका रही।

















