जमशेदपुर : पुराने एमजीएम अस्पताल के पास दुकानदार पर चापड़ से हमला, रंगदारी मांगने का आरोप; एक युवक हिरासत में

जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित पुराने एमजीएम अस्पताल के सामने सोमवार देर शाम रंगदारी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ युवक चापड़ लेकर एक दुकानदार के पास पहुंचे और उससे रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर दुकानदार पर चापड़ से हमला कर दिया गया, जिसमें वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

घायल दुकानदार बिचुन शर्मा ने बताया कि आरोपियों का नेतृत्व नंदू लोहार कर रहा था। उनके अनुसार, युवक दुकान पर पहुंचे और पैसे की मांग करने लगे। जब उन्होंने रंगदारी देने से इनकार किया तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ में गंभीर चोट लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
खेत में उतरीं विधायक पूर्णिमा दास साहू, ग्रामीण महिलाओं संग की धान रोपनी, ताजा हुईं बचपन की यादें
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कारोबारियों में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
ईटखोरी ज्वेलरी चोरी कांड का खुलासा, ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार
सीतारामडेरा थाना की ओर से बताया गया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















