रांची नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, 7 अस्थायी संरचनाएं हटाई गईं

रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को दीनदयाल चौक से हरमू रोड होते हुए अरगोड़ा चौक तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान फुटपाथ एवं सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिससे आम नागरिकों और पैदल यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 7 अस्थायी संरचनाओं को हटाया तथा 5 गुमटी/ठेला जब्त किए। इसके अलावा, फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए लगभग 10 विज्ञापन बोर्ड और होर्डिंग्स को भी हटाया गया।
अभियान के दौरान 5 दुकानों के ट्रेड लाइसेंस की भी जांच की गई। जांच में वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
रांची नगर निगम ने नागरिकों, दुकानदारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने तथा समय पर ट्रेड लाइसेंस प्राप्त करने की अपील की है। निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
















