रांची में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी, कई अवैध कब्जों पर कार्रवाई

रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की इंफोर्समेंट टीम ने बरियातू रोड, बड़ाघाघ चौक, पीएचईडी चौक से बूटी मोड़ तथा भारत माता चौक से किशोरगंज चौक होते हुए हरमू रोड तक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर बने दो अवैध स्थायी निर्माणों को हटाया गया, जबकि दो अन्य अवैध संरचनाओं पर नोटिस चस्पा कर 48 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सड़क किनारे लगाए गए पांच अस्थायी अतिक्रमण और दुकानों को भी हटाया गया।

नगर निगम की टीम ने मेडिकल चौक के समीप एक सार्वजनिक नाले पर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे धोबी घाट को भी हटाया। जांच में पाया गया कि नाले को अवरुद्ध कर पानी जमा किया जा रहा था, जिससे जल निकासी बाधित हो रही थी और बरसात के दौरान जलजमाव की आशंका बढ़ गई थी। कार्रवाई के बाद नाले की सफाई कर जल निकासी को सामान्य किया गया तथा संबंधित व्यक्ति को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा भारत माता चौक से किशोरगंज चौक और हरमू रोड तक सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















