गुमला में खाद्य सुरक्षा व तंबाकू निषेध टीम की संयुक्त छापेमारी, लड्डू का नमूना जांच के लिए भेजा

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला : संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग एवं तंबाकू निषेध टीम ने गुमला शहर में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर, आशा राज तथा तंबाकू निषेध पदाधिकारी वंदना स्मिता होरो ने किया।
अभियान के दौरान होटल, चाट-ठेला, किराना दुकानों सहित थोक एवं खुदरा प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, लाइसेंस, एक्सपायरी तिथि और लेबलिंग की जांच की गई। अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

चाट विक्रेताओं को खाद्य सामग्री को ढककर रखने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने तथा अखाद्य रंग और अखबार के उपयोग से बचने की हिदायत दी गई। वहीं, जांच के दौरान मां भवानी एजेंसी से अमूल मोतीचूर लड्डू का नमूना संग्रहित कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
इसके अलावा, तंबाकू निषेध टीम ने कोटपा अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थलों एवं दुकानों का निरीक्षण कर नियमों के अनुपालन की समीक्षा की। अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
















