गुमला : दोस्त ने की दूसरे दोस्त की पत्थर से हत्या, फिर थाने पहुंचकर किया सरेंडर

दीपक गुप्ता / गुमला
गुमला: झारखंड के गुमला सदर थाना क्षेत्र के पुग्गु खोपा टोली गांव में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने आपसी विवाद या मानसिक असंतुलन के चलते अपने ही जिगरी दोस्त की पत्थर के बड़े सिल्लोड से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
मुंबई से लौटे थे दोनों दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अनु भूषण टोप्पो और आरोपी जगन्नाथ उरांव उर्फ बोचे गहरे मित्र थे। दोनों कुछ समय पहले यानी जून के महीने में ही मुंबई से मजदूरी करके अपने गांव लौटे थे और यहां रहकर खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे। बुधवार की रात दोनों एक ही घर में सोने गए थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रात उनकी आखिरी रात होगी।
सिल्लोड से हमला कर उतारा मौत के घाट
बुधवार आधी रात को जब सब सो रहे थे, तब जगन्नाथ ने कथित तौर पर घर में रखे पत्थर के बड़े सिल्लोड (सिलबट्टे) से अनु भूषण के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मौके से भागने के बजाय पास के ही दूसरे घर में जाकर सो गया। अगली सुबह होते ही वह खुद गुमला थाना पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ था आरोपी
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले करीब 15 दिनों से जगन्नाथ का मानसिक संतुलन ठीक नहीं चल रहा था और उसका व्यवहार काफी असामान्य हो गया था। वह अपनी पत्नी पर शक करता था और अक्सर उसके साथ मारपीट किया करता था, जिससे परेशान होकर उसकी पत्नी उससे अलग रहने लगी थी। माना जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गुमला सदर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
Also Read : सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.31 लाख की ठगी करने वाला ट्रैवल एजेंट संबलपुर से गिरफ्तार

















