रांची : रथ मेला में मोबाइल छिनतई और चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक और चोरी का सामान बरामद

रांची में रथ मेला के दौरान लगातार हो रही मोबाइल छिनतई और चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए विधानसभा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट और प्रभात तारा मैदान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस ने आरोपियों के पास से छिनतई की गई एक रेडमी 5जी मोबाइल, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल (R15 एवं जिक्सर) तथा मेला परिसर की दुकानों से चोरी किए गए सैंडल, बैग समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने 22 जुलाई को रथ मेला में स्कूटी सवार महिला से मोबाइल छीनने की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में धुर्वा थाना में मामला दर्ज किया गया था। वहीं, 23 जुलाई की रात धुर्वा थाना क्षेत्र से चोरी के सामान के साथ एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में विधानसभा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट खटाल निवासी 19 वर्षीय प्रकाश कुमार और धुर्वा के मौसीबाड़ी निवासी 22 वर्षीय शिवम कुजूर शामिल हैं। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है।
इस कार्रवाई में हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, विधानसभा थाना के पुलिस पदाधिकारी दिनेश ठाकुर, आनंद पंडित, कुलदीप सिंह, मो. फिरोज समेत धुर्वा और विधानसभा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
















