जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों की संविधान यात्रा: सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रांची: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा अभ्यर्थियों की लंबित मांगों को लेकर बुधवार को राजधानी रांची में हजारों छात्रों ने संविधान यात्रा निकाली। संविधान की प्रतियां, पोस्टर और बैनर हाथों में लेकर निकले अभ्यर्थी अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, जहां उन्होंने धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!संविधान यात्रा के दौरान छात्रों ने “जेपीएससी छात्रों के साथ खिलवाड़ बंद करो”, “जेपीएससी-जेएसएससी पर जवाबदेही तय करो” और “उत्पाद सिपाही भर्ती में सेटिंग-गेटिंग बंद करो” जैसे नारों वाले पोस्टर प्रदर्शित किए। अभ्यर्थियों का आरोप है कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

छात्रों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार और संबंधित आयोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
संविधान यात्रा को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर फिरायालाल चौक तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।
राजधानी में आयोजित इस प्रदर्शन ने एक बार फिर झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की मांगों के मुद्दे को राजनीतिक और प्रशासनिक बहस के केंद्र में ला दिया है।
















