ब्लिंकिट राइडर्स की हड़ताल, पेआउट बढ़ाने की मांग; कई इलाकों में डिलीवरी सेवा प्रभावित

रांची: राजधानी रांची में ब्लिंकिट के करीब 100 राइडर्स अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर उतर आए। राइडर्स ने काम बंद कर कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में ब्लिंकिट की डिलीवरी सेवा प्रभावित रही। प्रदर्शन कर रहे राइडर्स का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बावजूद कंपनी की ओर से मिलने वाला पेआउट बेहद कम है।

ब्लिंकिट राइडर्स का आरोप है कि दिन-रात मेहनत कर डिलीवरी करने के बाद भी उन्हें इतना भुगतान नहीं मिलता कि वे अपने परिवार का खर्च ठीक से चला सकें। राइडर्स ने कहा कि वे लंबे समय से पेआउट बढ़ाने और कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में उन्होंने सामूहिक रूप से काम बंद कर हड़ताल शुरू की है।

राइडर्स ने कंपनी प्रबंधन से जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, हड़ताल के कारण ग्राहकों को डिलीवरी में देरी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।


















