हजारीबाग में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिंटू खान और राहुल दुबे गैंग से जुड़े 4 गिरफ्तार

हजारीबाग: जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने पिंटू खान और राहुल दुबे गैंग से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी बम, एक देसी पिस्टल, जिंदा गोली, खोखा, मिस फायर गोली, मोबाइल फोन और पर्चे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कोयलांचल क्षेत्र में हथियार और बम की सप्लाई करने के साथ-साथ रंगदारी वसूलने के लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह से जुड़े थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी ने बड़कागांव थाना क्षेत्र से अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से पिंटू खान गिरोह के सदस्यों के साथ कॉल और चैट किए जाने की जानकारी सामने आई। पूछताछ में अंकित ने कथित तौर पर 25/26 जुलाई की रात ट्रांसपोर्ट रोड में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। इस मामले में बड़कागांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके दो अन्य सहयोगियों ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पिपराडीह गांव के समीप बंद पड़े गैस प्लांट में हथियार और अन्य सामान छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस टीम जब वहां बरामदगी के लिए पहुंची तो अंकित भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग भी की। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अंकित के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। घटनास्थल से हथियार, बम और पर्चे बरामद किए गए।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को गिद्धी थाना क्षेत्र और हजारीबाग कोलियरी क्षेत्र में हथियार व बम की सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी करमा कुमार साहू के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, करमा कुमार साहू सोशल मीडिया ऐप के माध्यम से राहुल दुबे और पिंटू खान गिरोह के संपर्क में था और व्यापारियों, ठेकेदारों तथा कोयला कारोबारियों में भय पैदा कर लेवी और रंगदारी वसूलने के लिए हथियार-बम उपलब्ध कराता था। करमा कुमार साहू की निशानदेही पर 8 अगस्त को साधु कुटिया जंगल से छिपाकर रखे गए बम और देसी पिस्टल का मैगजीन बरामद किया गया। इस मामले में गिद्धी थाना कांड संख्या 22/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में अंकित कुमार पांडेय, ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल, कुणाल कुमार पांडेय और करमा कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार करमा कुमार साहू के खिलाफ पूर्व में भी पिठोरिया और पतरातू थाना में मामले दर्ज हैं। आरोपियों के पास से 2 देसी बम, 1 देसी पिस्टल, 1 जिंदा गोली, 1 खोखा, 1 मिस फायर गोली, 5 मोबाइल फोन, 4 पीस पर्चे बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में बड़कागांव, गिद्धी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारियों और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।






















